आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो
आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर देश प्रेम की दिवानगी अलग अलग अंदाज में दिखी। नगर के कुछ सामाजिक संगठनों की महिलाओं ने देश प्रेम को प्रदर्शित करते हुए अनूठे अंदाज और तिरंगे परिधानों को पहन कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। घरेलू कामकाजी और नौकरीपेशा महिलाओं ने अपने व्यस्त जीवन में से कुछ समय देश भक्ति के लिए निकाला और देश भक्ति के जज्बे से ओतप्रोत आयोजन किए। यहीं नहीं महिलाएं यहां भी नहीं ठहरी और एक कदम बढ़ाकर देशप्रेम को नगर में निकले एक चल समारोह में भी सार्वजनिक तौर पर प्रदर्शित करने से नहीं हिचकी।
आलीराजपुर की ऐसी जागरुक महिलाओं की गतिविधियों को नईदुनियालाईव के कैमरामैन ने विशेष तौर पर कैद किया। ऐसी महिलाओं के देश प्रेम को जज्बे को सभी आमजनों के लिए प्रस्तुत कर रहे हैं।
ब्राह्मण समाज मातृ शक्ति ग्रुप
ब्राह्मण समाज मातृ शक्ति ग्रुप की प्रमुख पूर्णिमा व्यास ने स्वतंत्रता दिवस पर एक अनूठा आयोजन किया। ग्रुप की सभी महिलाओं को उन्हौंने बुलाया और सबसे पहले वंदे मातरम् राष्ट्र गान व इसके बाद राष्ट्रीय गीत जनगणमन गाया। बारी बारी से सभी महिलाओं ने देश की आजादी पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी को विचार व्यक्त करना अनिवार्य था। इस बारे में ब्राह्मण समाज शिवशक्ति महिला मंडल की सदस्य प्रतिभा पंचोली ने बताया कि हर महिला प्रतिदिन अपनी घर गृहस्थी, परिवार, बच्चों की चिंता में रात दिन लगी रहती है किंतु देश के प्रति भी महिलाओं में चिंतन होना चाहिए। इसी उद्देश्य के लिए यह कार्यक्रम पूर्णिमा व्यास ने आयोजित किया जो कि बेहद सार्थक रहा।इस कार्यक्रम में आयोजित सभी महिलाओं ने तिरंगे के रंग के अनुरुप हरे, सफेद व केसरिया रंग के परिधान, चूड़िया पहन कर देष प्रेम को प्रदर्शित किया। आयोजन में श्रद्धा भट्ट, मीना ओझा, सुनिता पांडे, अर्चना उपाध्याय, नेहा पाठक, गरिमा दुबे, सोनू शर्मा, मंजू भट्ट, स्वाति ओझा, रीना उपाध्याय, शीतल दीक्षित, अलका जोशी आदि ने उत्साह से भाग लिया।
राठौड़ समाज महिला मंडल
राठौड़ समाज महिला मंडल की अध्यक्ष टीना कमल राठौड़ (परीवाला) ने बताया कि देश प्रेम की भावना को समाज की महिलाओं व युवतियों ने पहली बार अलग ही अंदाज में पेश किया। वीर दुर्गादास राठौड़ की जयंती के उपलक्ष्य में राठौड़ समाज के विशाल चल समारोह में समाज की महिलाओं ने तिरंगा टोपी और समाज की युवतियों ने तिरंगा कलर ड्रेस कोड में एक साथ भाग लेकर आलीराजपुर के प्रमुख मार्गों पर पर जब एक साथ कदम ताल किया तो पूरा नगर देखते ही रह गया। नगर के प्रमुख मार्गों पर जहां जहां से भी राठौड़ समाज की युवतियां तिरंगे परिधानों में नृत्य करती हुई निकली तो ऐसा लग रहा था कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की परेड में राजपथ नईदिल्ली पर किसी प्रदेश को कोई नृत्य दल राष्ट्र भक्ति की प्रस्तुती दे रहा हो। पूरे नगर ने राठौड़ समाज महिला मंडल व नवयुवतियों के देश प्रेम की प्रस्तुती की मुक्त कंठ से सराहना की। राठौड़ समाज ने अपने पूजनीय दुर्गादास राठौड़ के चल समारोह में पहली बार देश भक्ति की थीम पर समाजजनों द्वारा सहभागिता करना एक अनूठा आयोजन था जिसका पूरा नगर साक्षी बना। राठौड़ समाज अध्यक्ष किशनलाल राठौड़ व युवा मंडल अध्यक्ष कमल राठौड़ सहित सभी समाजजनों ने भी युवतियों व महिलाओं के इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। राठौड़ समाज महिला मंडल अध्यक्ष टीना राठौड़, किर्ती राठौड़, योगिता राठौड़, आरती राठौड़, इंदु राठौड़, संगीता राठौड़, मनीषा राठौड़, कविता राठौड़, ममता राठौड़, पायल राठौड़ आदि महिलाओं ने भी सक्रिय भूमिका अदा की।