आदिवासी समाज अपनी पुरानी पहचान से जुड़े रहे- कैबिनेट मंत्री चौहान
राजवाड़ा प्रांगण में तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन संपंन
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
मो.नं. 7909750355
जिला मुख्यालय पर सोमवार साप्ताहिक हाट का दिन यादगार रहा। आदिवासी समाज की परंपरागत तीर कमान की पहचान को बनाए रखने के लिए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने अपनी ओर से ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन राजवाड़ा प्रांगण में किया। जिसमें पूरे जिले के ग्रामीण अंचलों से आए हुए धुरंधर आदिवासी तीरंदाजों ने अपने जौहर दिखाए और नगद ईनाम भी प्राप्त किए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि तीर कमान आदिवासी समाज की पुरातन पहचान है। आदिवासी समाज वर्तमान आधुनिक समय में अपनी इस विरासत से दूर होता जा रहा है। इस विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए तीर कमान प्रतियोगिता का आयोजन पंडित दीन दयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर इसी उद्देश्य को लेकर किया गया। जिसमें पूरे जिले से सैकड़ों की संख्या में आदिवासी ग्रामीण तीरंदाजों ने भाग लेकर अपने तीर चलाने के कौशल का परिचय दिया। इसी आयोजन की अगली कड़ी के रुप में आगामी दो दिनों तक कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें आमंत्रित टीमें भाग लेंगी।
सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से राजवाड़ा प्रांगण में तीर कमान हाथ में लिए हुए ग्रामीण वेश भूषा में तीरंदाज आना आरंभ हो गए थे। तीर निशाने पर लगाने के लिए 50 मीटर दूर पर निशाने रखे गए थे। जिस पर तीन श्रेणी में ईनाम वितरित किए गए। निशान बोर्ड पर नीली, लाल व पीले घेरे में तीर का निशाना लगाने वालें को क्रमशः 500, 1100 व 2100 रुपए का नगद पुरस्कार मंचासीन अतिथि कैबिनेट मंत्री चौहान, सांसद अनिता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरीबाई खरत, भाजपा नेता जयपाल खरत, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष परवाल मकू ने बारी बारी से दिए।
आरंभ में अतिथियों सहित भाजपा नेता भदु पचाया आदि ने औपचारिक तौर पर तीर चलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। संचालन मोंटू शाह, गिरिराज मोदी व दिलीप चौहान ने किया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हितेंद्र शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 350 तीरंदाजों ने भाग लिया। जिसमें से 122 प्रतियोगी निशाना साधने में सफल रहे। जिन्हें पुरस्कार मिला। प्रत्येक प्रतियोगी को निशाना साधने के लिए तीन बार तीर छोड़ने का अवसर मिला। आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर वासी व ग्रामीणजन उमड़े। नगर के राजवाड़ा प्रांगण में संपंन हुआ यह आयोजन जनचर्चा के केंद्र में रहा। कई प्रतियोगी इस आयोजन के लिए विशेष तौर पर सज धज कर आए थे। आयोजन स्थल पर पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
Share on WhatsApp