8 लाख 47 हजार रूपए बकाया राशि के लिए श्रमिको ने विधायक पटेल को दिया आवेदन
आलीराजपुर न्यूज़ ब्यूरो।
फ्लोसिसिस नियंत्रण परियोजना के 20 श्रमिको को नियमित रूप से मजदूरी नहीं मिलने पर उक्त 20 श्रमिको ने मंगलवार को विधायक मुकेश पटेल को आवेदन सौंपकर मजदूरी दिलवाने और काम से नहीं निकालने की मांग की। जिस पर विधायक पटेल ने मजदूरों द्वारा दिए गए आवेदन को सीएम, कलेक्टर और पीएचई के वरिष्ठ अधिकारियों को भिजवाकर मामले की जांच करवाने और मजदूरों को नियमित मजदूरी दिलवाने की बात कही।
क्या है आवेदन में
सौंपे गए आवेदन में उक्त 20 मजदूरों ने बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत फ्लोरोसिस नियंत्रण परियोजना 34 ग्रामो की फ्लोराईड प्रभावित समूह जल प्रदाय योजना अलीराजपुर में पिछले 25-30 वर्षो से संचालित है। इस योजना में हम आवेदक 20 लोग वर्ष 2003 से सतत नियमित रूप से कार्य करते आ रहे है और कार्य के बदले हमें नियमित रूप से मानदेय-मजदूरी भी मिलती आ रही है थी। 15-20 वर्षो का कार्यानुभव होने से तकनीकि कार्य भी संपादित करते है। परंतु पिछले दो वर्षो से उक्त 34 गांवो की फ्लोराईड प्रभावित समूह जल प्रदाय योजना का संचालन-क्रियान्वयन निजी क्षेत्र ग्लोबल कन्स्ट्रक्शन एण्ड सप्लायर्स के राजू पिता दिनेश शाह द्वारा किए जाने के बाद हम कुल 20 कुशल श्रमिकों को ठेकेदार द्वारा कार्य के बदले मजदूरी का भुगतान नियमित रूप से नहीं किया जा रहा है। जब भी हम ठेकेदार के पास नियमित रूप से मजदूरी प्राप्त करने के लिए अलीराजपुर में उनके घर जाते है, तो हमें मजदूरी का भुगतान नहीं करते हुए दुर्व्यवहार कर काम से निकालने की धमकी देकर डरा दिया जाता है।
श्रमिको ने बताया कि इस संबंध में हम शेष मजदूरी का भुगतान संबंधित ठेकेदार से करवाने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री, सहायक यंत्री व कार्यपालन यंत्री के समक्ष उपस्थित होकर लिखित में आवेदन प्रस्तुत करते है तो संबंधित अधिकारी हमारा आवेदन ही नहीं लेते है और किसी प्रकार की कोई सुनवाई नहीं करते है। ठेकेदार के खिलाफ किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं करते है और हमारी शेष मजदूरी का भुगतान नहीं करवाते है। पिछले दो वर्षो के दौरान हम 20 मजदूरों को नियमित रूप से मजदूरी का भुगतान नहीं किये जाने के कारण हम गरीब मजदूरों के परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान होना पड रहा है।
उक्त मजूदरों ने विधायक पटेल को आवेदन सौंपकर मांग की है कि हमारे परिवारों की परेशानियों को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाऊ उचित कार्रवाई कर हमारी शेष मजदूरी का भुगतान कराने और ठेकेदार द्वारा हमे कार्य से नहीं निकालने की अपेक्षा करते है।
इन्हे नियमित रूप से मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ
ग्राम बेहडवा के सिलदार पिता नसरिया को 3 माह की मजदूरी 24 हजार रूपये, दादाभाई हरसिंह को 2 माह की 16 हजार रूपये, साहदर रावलिया को 7 माह की 42 हजार रूपये, जगला भीमसिंह को 8 माह की 48 हजार रूपये, किसराम सादु को 7 माह की 42 हजार रूपये, गणपत नानसिंह को 5 माह की 40 हजार रूपये, मुकाम दितला को 3 माह की 24 हजार रूपये, गणपत पिता भुरलिया को 7 माह की 42 हजार रूपये, वालसिंह रेशिया को 16 माह की 96 हजार रूपये, वाकसिंह तिन्छा को 10 माह की 60 हजार रूपये, ग्राम खरपई के छगन कुलिया को 9 माह की 54 हजार, शंकर वेस्ता को 6 माह की 39 हजार रूपये, रमेश कुलीया को 5 माह की 35 हजार रूपये, देलवानी के बहादुरसिंह नुरला को 8 महीने की 56 हजार रूपये, मगन नानसिंह को 4 महीने की 32 हजार रूपये, तीती के वेरसिंह हिरलीया को 7 माह की 49 हजार रूपये, मुकाम बाउ को 7 माह की 42 हजार रूपये, वालपुर के पातालसिंह हिरला को 3 माह की 24 हजार रूपये, फाटा के मगन मालसिंह को 7 माह की 42 हजार रूपए और बेगडी के भुरला को 10 माह की 40 हजार रूपये। इस प्रकार कुल 20 मजदूरों 8 लाख 47 हजार रूपये मजदूरी का भुगतान लंबे समय से नहीं किया गया है।
Share on WhatsApp