इंदौर संभाग में सबसे अच्छा लगा बोरी स्वास्थ्य केंद्र

सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने किया आकस्मिक निरीक्षण

उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट

मैंने इंदौर संभाग के अनेक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया है लेकिन मुझे आज जनजातीय बहुल अलीराजपुर जिले के बोरी में आकर वह चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था देखने को मिली जो मेरी कल्पना में थी।उक्त विचार मंगलवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ अशोक कुमार भार्गव(सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मध्यप्रदेश शासन) ने बोरी स्वास्थ्य केंद्र  के निरीक्षण पश्चात व्यक्त किए।

 स्वास्थ्य केंद्र का बारीकी से अवलोकन करने के बाद  प्रसन्नचित्त मन से अपनी टीप में डॉ अशोक कुमार भार्गव ने लिखा कि- "डॉक्टर्स एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ निर्धारित परिधान में मौजूद रहे।भर्ती मरीजों से चर्चा की। आवश्यक दवाइयां, भोजन गुणवत्ता युक्त पाया गया। समग्र रूप से समस्त व्यवस्थाएं  सराहनीय है।चिकित्सालय के समस्त स्टाफ को हार्दिक शुभकामनाएं।सुविधाएं उपलब्ध कराने का यह जज्बा बना रहे।प्रभारी डॉ अमित दलाल, डॉ  अर्जुनसिंह चौहान, डॉ जितेंद्र मौर्य व अन्य स्टाफ का कार्य निष्पादन प्रथम दृष्टया सराहनीय है। 
इसके साथ ही डॉ अशोक कुमार भार्गव ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय बोली में कोविड-19 सहित अन्य बीमारियों से जुड़ी समझाइश, नारा लेखन, बैनर पोस्टर लगाए जाए।
इस दौरान सचिव डॉ भार्गव के साथ अलीराजपुर कलेक्टर सुरभि गुप्ता,सीएमएचओ डॉ प्रकाश ढोके,डीपीएम अर्चना राठौर सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
Share on WhatsApp