प्रदेश की प्रावीण्य सूची में मिला पांचवा स्थान, जिले से पहली बार कोई छात्र प्रदेश टाप टेन मे आया
जिले का दसवी बोर्ड का औसत परिणाम ५६.६ प्रतिशत रहा
अलीराजपुर न्यूज डेस्क
नगर के बोहरा समाज के होनहार छात्र बुरहानुददीन पिता मंसूर मर्चेंट ने शनिवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10 बोर्ड के परीक्षा परिणाम में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पांचवा स्थान प्राप्त कर आदिवासी अंचल आलीराजपुर जिले व बोहरा समाज का मान बढ़ाया है। बुरहानुददीन ने कुल 300 अंको में से 298 अंक इस प्रकार ९९.३३ प्रतिशत अंक प्राप्त किए है।
आलीराजपुर जिले के इतिहास मे यह पहला अवसर है कि किसी भी प्रतिभाशाली छात्र ने पहली बार प्रावीण्य सूची मे प्राप्त किया है। यह पूरे जिले व आलीराजपुर नगर के लिए गौरव की बात है। बुरहानुददीन की सफलता पर क्षेत्रीय विधायक मुकेश पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष वकीलसिंह ठकराला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य किशोर शाह, नपा अध्यक्ष सेना पटेल,उपाध्यक्ष मकू परवाल,जिला पत्रकार संघ संयोजकद्वय आशुतोष पंचोली,विक्रम सेन,आशीष अगाल आदि ने हर्ष व्यक्त कर बधाई दी है। वहीं बुरहानुददीन का परीक्षा परिणाम जैसे ही आया पुरा परिवार सहित बोहरा समाज में हर्ष व्याप्त हो गया। इस अवसर पर बुरहानदुदीन के परिवारजनो ने बुरहानुददीन का मुंह मीठा करवाकर खुशीया मनाई।
वहीं शासकीय कन्या उमावि की छात्रा फिरदोश पिता इकबाल शेख ने भी ८२ प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
जिले का औसत परिणाम ५६.६ प्रतिशत रहा
जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा ने बताया कि जिले का कक्षा दसवी बोर्ड का औसत परिणाम ५६.६ प्रतिशत रहा है। जिले की प्राणीण्य सूची में तीन अन्य छात्र आए है। जिसमें विनीत पिता राकेश गुप्ता २९४/३००,नुपूर पिता अनील बेडिय़ा २९३/३०० और कृष्णा पिता निखिलेश पंवार ने २९२/३०० अंक प्राप्त कर क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया है। तीनो डॉन बास्को एकडमी विद्यालय आलीराजपुर के विद्यार्थी है।आलीराजपुर मीडिया ग्रुप की और से इन चारो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का विशेष तौर पर समारोह पूर्वक सम्मान किया जाएगा।



