प्रवासी श्रमिकों से की चर्चा- जनपद को दिए दिशा निर्देश
उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट ।
शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता नागरसिंह चौहान ने उदयगढ़ जनपद क्षेत्र में चल रहे मनरेगा के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम छोटी झीरी, कोटडा, छारवी मे मौके पर पहुंचकर मेड बंधन,नंदन फलोद्यान की वस्तु स्थिति को देखा,प्रवासी श्रमिकों से चर्चा की और उपयंत्री, रोजगार सहायक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष को लूज बोल्डर चेक डैम पर कार्यरत श्रमिकों ने बताया कि वह कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटे हैं। वह रोजगार को लेकर चिंतित थे लेकिन गांव में आते ही उन्हें रोजगार सुलभ हो गया जिससे वे काफी प्रसन्न है। यहां 50 से अधिक श्रमिक कार्यरत है ।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चौहान ने उपयंत्री को निर्देश दिए कि वह कार्यस्थल पर एक मेट की नियुक्ति करें और कार्य में गुणवत्ता लाए। रोजगार सहायक से कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद को गांव में ही काम मिले ऐसी योजना बनाएं।जनपद पंचायत को उन्होंने निर्देशित किया कि सक्रिय जॉब कार्ड के 75 प्रतिशत मजदूरों को रोजगार प्रदान करें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी पवन शाह ने बताया कि जनपद क्षेत्र में 407 कार्यों पर 4755 श्रमिक कार्य कर रहे हैं । हर पंचायत में प्रतिदिन 200 से ज्यादा श्रमिकों को कार्य मिले इसके प्रयास जारी हैं। जल संरक्षण जल संवर्धन कपिलधारा के कार्य दी प्रगति पर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 30 जून तक जल संवर्धन के कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। सीईओ ने अध्यक्ष मैडम को बताया कि बारिश के दिनों में भी मनरेगा अंतर्गत रोजगार उपलब्ध हो सके ऐसे कार्यों का चयन किया जा रहा है।
मौके पर निराकरण
मनरेगा कार्यों का निरीक्षण करने के दौरान ग्राम झीरी में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता नागरसिंह चौहान ने घर के बरामदे में बैठी बुजुर्ग महिला गाजली बाई से रुक कर चर्चा की। बुजुर्ग एवं बेवा होने के बावजूद उसे पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था। बुजुर्ग महिला की व्यथा जानकर उन्होंने सीईओ, पंचायत सचिव , रोजगार सहायक को बुलवाकर महिला की समस्या निराकरण के निर्देश दिए जिस पर तत्काल सुनवाई कर महिला को हितग्राही बनाया गया ।निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य मांगीलाल चौहान एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू मुवेल जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ रहे।

