जिले के स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी निकला कोरोना पाजिटिव, स्वास्थ्य अमले में हड़कंप

भाबरा के मेडिकल स्टाफ में भय व आशंका का माहौल, सेंपल नहीं लिए जाने पर कलेक्टर को लिखा आवेदन,
अभी तक नहीं लिए गए स्टाफ के सैंपल
आशुतोष पंचोली/ विशाल वाणी
अलीराजपुर न्यूज। 
जिले के स्वास्थ्य विभाग का एक कर्मचारी कोरोना पाजिटिव निकला है।यह कर्मचारी आजादनगर में पदस्थ है। इस वजह से यहां के अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मचा हुआ है। पहले ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की 4 नर्से श्वास व गले संबंधी रोग से ग्रसित है। ऐसी स्थिती में अब पूरे स्टाफ ने सेंपल लेने की मांग कर दी है। क्यों कि पूरे स्टाफ के सैंपल अभी तक नहीं लिए गए है। वही दूसरी ओर आजादनगर में जिस मोहल्ले से कोरोना पाजिटिव मरीज मिला है  उस स्थान के दो रास्तों को पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह से सील कर दिया हैं। समाचार लिखे जाने तक सेंपलिंग की किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं आरंभ की गई है। इससे अस्पताल स्टाफ सहित पूरे आजादनगर में  आशंका का माहौल है।


साथ ही एक बड़ा सवाल यह भी है कि जिले में पाए गए तीनों कोरोना पाजिटिव मरीज को जिला अस्पताल के विशेष रुप से बनाए गए आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है। जिसमें से पहले मरीज इंतजार खान को तो इंदौर रैफर कर दिया गया था जो कि 9 अप्रेल से यहीं पर भर्ती था। अब दो ओर मरीज आ चुके है।ऐसे में जिला अस्पताल के डाक्टर्स, नर्से व अन्य स्टाफ की भी कोरोना  सेंपलिंग होना चाहिए जो कि अभी तक नहीं हुई है। यह मेडिकल टीम की उदासीनता व लापरवाही सामने ही दिखाई दे रही है। दूसरी ओर सीएमएचओ डाॅ प्रकाश ढोके का कहना था कि सेंपल लेने का काम एक दो दिन में करेंगे। जिले में दो और कोरोना पाजिटिव मरीज मिलने के बाद इन दोनों मरीजों के संपर्क में आने वाले कितने लोगों को जिला प्रशासन व मेडिकल टीम ने  क्वारेंटाईन किया है उसकी भी किसी प्रकार से जानकारी आम जन तक नहीं पहंुच पा रही है जिससे कि जनता व उनके संपर्क वाले लोग सतर्क हो सके। नागरिकों का कहना था कि जब स्वास्थ्य विभाग में ही ये आलम है तो आम जन के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा क्या इंतजाम इमरजेंसी में जुटाकर कैसे करेगा?

कलेक्टर को लिखा पत्र
जिले के समस्त सीएचसी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कलेक्टर के नाम से लिखे पत्र में बताया कि हमारे यहां के एक स्टाफ की पुष्टि हुई है। इसीलिए सभी स्टाफ हाई रिस्क में है। हमारे यहां बहुत से स्टाफ को सर्दी जुकाम  गले में खरास व अन्य समस्याएं भी है। अतः सभी स्टाफ मेंबर्स की कोरोना सेंपलिंग करवाई जाए ताकि हम अपना कार्य नियमित रुप से भय मुक्त होकर कर सके व दूसरे मरीजों को भी हमारी वजह से किसी प्रकार का इंफेक्शन न हो।
नगर में आशंका व भय का माहौल
आजादनगर में कोराना पाजिटिव मरीज मिलने से नगरवासियों में कोरोना संक्रमण को लेकर शंका कुशंका  का माहौल बन गया है। हालांकि नगर के गणमान्य नागरिक व जनप्रतिनिधिगण धैर्य रखने व किसी भी प्रकार का पैनिक नहीं फैलाने की बात आम जनता से कर रहे है किंतु कई लोगों में कोरोना को लेकर डर बैठ गया है। हालांकि रात को एक बजे कोराना पाॅजिटिव स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी को कलेक्टर सहित जिले के अधिकारी आजादनगर से ले गए। सुबह आठ बजे तक पुलिस ने उक्त मरीज के घर के आसपास से गुजरने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। प्रशासन मामले की गंभीरताको देखते हुए पूरी तरह से  सचेत है। इधर नगरवासी करफ्यू के चलते घरों में रहने का गंभीरता से पालन कर रहे है। 
समाचार लिखे जाने के दौरान जानकारी मिली कि भाबरा के मेडिकल स्टाफ द्वारा कोरोना सेंपल की जो मांग उठी है उसके बाद सीएमएचओ डाॅ प्रकाश ढोके अचानक से अस्पताल पहंुचे हैऔर स्टाफ से चर्चा कर रहे है। विस्तृत विवरण की प्रतिक्षा है। 



Share on WhatsApp