दो-दो हाथ करने के लिए आयुष विभाग भी मैदान में उतरा

 कोरोना  को हराना है
उदयगढ़ से राजेश जयंत की रिपोर्ट
 उदयगढ़। संक्रमण से पूरे विश्व को घुटने पर ला देने वाले कोविड 19  से भारत एकजुट होकर जूझ रहा है।  भारत की सामूहिक संकल्प शक्ति के सामने कोरोना पस्त भी हो रहा है। कोरोना वायरस से बचाव की दिशा में बढ़ते कदम मे आयुष विभाग भी शामिल हो चुका है।  हालांकि आयुष विभाग का मानना है कि संक्रमण की अब तक दवा या  वैक्सीन इजाद नहीं नहीं हुई है। इससे लोगों को खतरा अधिक है,लेकिन किसी बीमारी के इलाज से बेहतर है उस बीमारी से बचाव । उसी को दृष्टिगत रखते हुए आयुष विभाग के डॉक्टर और जमीनी कर्मचारी ग्राम फलियों में जाकर आयुर्वेद को अपनाने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने की जद्दोजहद में लगे हैं ।
 जनजाति बहुत अलीराजपुर जिले में जिला आयुष अधिकारी नयनसिंह वास्कले के  मार्गदर्शन में आंचलिक क्षेत्रों में टीम काफी सक्रिय है।  उदयगढ़ आयुष नोडल अधिकारी डॉ जितेन्द्र मोरी के निर्देशन में डॉ एच एल ठाकुर डॉ वेरसिंह बघेल, डॉ मोहन सिसोदिया  तथा उनके सहायक गुमानसिंग राठिया, हेमंत नागर, सुचित्रा भदौरिया, दुलेसिंग बिलवाल, दलसिंग देवल  आदि ग्राम, कस्बे, फलियो तक पहुंच रहे है।   डॉक्टर मोरी ने बताया कि पलायन से लौटे ग्रामीणों को त्रिकुटी चूर्ण  व होम्योपैथिक औषधी आर्सेनिक ऐल्बम 30 का वितरण किया जा रहा है।  ग्रामीणों को घर में ही रहने,  सामाजिक दूरी बनाए रखने, नाक -मुंह पर कपड़ा ढककर रखने,  बार बार हाथ धोने की सलाह भी दी गई। 
आयुष विभाग की टीम ने  संक्रमण से बचने  के लिए यह उपाय सुझाए है’-
दिनभर हल्‍का गर्म पानी ही पिएं।
घर पर रहें. बाहर न निकलें।
योगासन करें, प्राणायाम और ध्‍यान लगाना काफी फायदेमंद हो सकता है. इसको रोजाना करें।
भोजन में हल्‍दी, जीरा, धनिया पाउडर और लहसुन का इस्‍तेमाल जरूर करें।
रोजाना सुबह 10 ग्राम च्‍यवनप्राश का सेवन करें. डायबिटिक लोग सुगर फ्री च्‍यवनप्राश लें।
हर्बल चाय, काढ़ा को तुलसी, दालचीनी, काली मिर्च, सूखी अदरक, मुनक्‍का डालकर बनाएं. इसे दिन में दो बार बनाकर पिएं. चीनी और नींबू भी इसमें इसमें डाल सकते हैं।
गर्म दूध में हल्‍दी डालकर इसका सेवन दिन में 2 बार तक कर सकते हैं।
नाक में सुबह-शाम तिल का तेल, नारियल का तेल या घी डालें । मुंह में एक चम्‍मच तिल के तेल या नारियल के तेल भरें, इसे 2 से 3 मिनट तक अंदर रखें. इसके बाद इसे थूक दें. गर्म पानी से कुल्‍ला कर लें. ऐसा दिन में कम से कम 2 बार करें।
गर्म पानी में पुदीना या अजवाइन डालकर स्‍टीम थेरेपी लें. ऐसा दिन में 1 बार करें।
शहद में लॉन्‍ग का पाउडर मिलाकर दिल में 2 से 3 बार सेवन करें. इससे खांसी और खराश में आराम मिलेगा।
Share on WhatsApp