जिला मुख्यालय के तीन अलग स्थानों पर ग्रामीण सब्जी विक्रेताओं को बिठाने की व्यवस्था

जिला प्रशासन के निर्देश पर नगरपालिका ने व्यवस्था की सुनिश्चित,
सोशल डिस्टेंस का करना होगा कड़ाई से पालन
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर न्यूज। ब्यूरो चीफ
जिला मुख्यालय पर रविवार से आसपास के ग्रामों से आने वाले सब्जी विक्रेताओं को बिठाने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर नगरपालिका ने तीन स्थानों पर तैयारियां कर दी है। संभवतया रविवार से तीन स्थानों टंकी मैदान, पुराना जिला पंचायत परिसर क्लब मैदान के सामने व पुराना थाना परिसर पर ग्रामीण सब्जी विक्रेता सोशल डिस्टेंस रखते हुए सब्जी विक्रय करेंगे। नगरपालिका के द्वारा इसके लिए शनिवार को तैयारियां की गई है। अब यह देखना गौरतलब रहेगा कि ग्रामों से आने वाले ग्रामीण सब्जी विक्रेताओं की बैठक व्यवस्था कैसे सुनिश्चित होगी। हालांकि इसके लिए सोशल डिस्टेंस अनिवार्य किया गया हैं। शनिवार को इस  आशय के निर्देश जिला प्रशासन ने नपा सीएमओ व अन्य जिम्मेदार अफसरों की बैठक में दिए हैं। जिसके मद्देनजर नगरपालिका की ओर से पुराना थाना परिसर बाहरपुरा में आंशिक तैयारियां करते हुए मार्किंग की गई है। नपा सीएमओ संतोष चौहान  ने भी इसकी पुष्टि अलीराजपुर न्यूज से की है। 

पहले जिला प्रशासन के द्वारा सब्जी मंडी की छूट दी गई थी किंतु वहां पर अत्यधिक भीड़ बड़ने के कारण बाद में इस निर्णय को बदल दिया गया। फिर सब्जी की होम डिलेवरी का प्रयोग किया गया किंतु वह भी किन्हीं कारणों के चलते सफल नहीं हो सका। बाद में सब्जी विक्रेताओं को गली मोहल्लों व कालोनी में जा कर सब्जी विक्रय की छूट दी गई किंतु इससे भी संक्रमण के खतरे की आशंका के चलते इस पर भी रोक लगा दी गई। स्थानीय सब्जी विक्रेताआंे ने भी बाद में मुनादी कर इस ढंग से सब्जी विक्रय पर रोक लगा दी। नागरिकों की परेशानियांे व समस्याओं को देखते हुए संभवतया इस ढंग का निर्णय जिला प्रशासन ने लिया है। 
गौरतलब है कि जिला प्रशासन के द्वारा देश व्यापी लाक डाउन के चलते आलीराजपुर जिले में भी लाक डाउन का कड़ाई से पालन करवाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन इस कार्य में रात दिन जुटा हुआ हैं। पुलिस प्रशासन की सख्ती से इस प्रकार यहां लाक डाउन सफल होता दिखाई दे रहा है। लाक डाउन के 11 दिन पूरे हो चुके है अभी 10 दिन और शेष बचे है।इन दस दिनों में भी पुलिस प्रशासन को लाक डाउन को सफल बनाने की चुनौती है हालांकि नागरिकों के धैर्य की सराहना की जानी चाहिए कि शुरुआती 3-4 दिनों को छोड़कर उसके बाद से ही लाक डाउन पूरी तरह से सफल होता आ रहा है। आलीराजपुर जिले की जनता को अलीराजपुर न्यूज पोर्टल की ओर से इस तरह से लाक डाउन का सहयोग करने व उसे सफल बनाने पर आभार व धन्यवाद।


हमें जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम महोदय ने शनिवार को ग्रामीण सब्जी विक्रेताओं के बैठने के लिए चयनित तीन स्थानों पर तैयारी करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश अनुसार हमने तैयारी की है। स्थानीय सब्जी विक्रेता अपने घर से ही सब्जी बेच सकेंगे। सोशल डिस्टेंस का सभी को ध्यान रखना होगा।
- संतोष चौहान सीएमओ नगरपालिका 
Share on WhatsApp