जिले में फर्जी ऋण का घोटाला करने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई-प्रभारी मंत्री हनी बघेल

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जिले से 50 हजार मतो से विजय बनाने का लिया संकल्प
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो
कांग्रेस के वचन पत्र में प्रदेश के किसानो के लिए की गई 2 लाख रूपए तक की ऋण माफी पर क्रियान्वयन को सरकार ने आरंभ कर दिया है किंतु पुरे प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान करीब 3 हजार करोड़ रूपए का फर्जी ऋण घोटाला हुआ है। आदिवासी बाहुल्य आलीराजपुर व झाबुआ जिले में भी फर्जी ऋण घोटाले की कई शिकायते निरंतर मिल रही है जिले में जिस भी अफसर ने इस प्रकार का घोटाला किया है उसके खिलाफ शिकायत मिलने पर तुरंत ही कठोर कार्रवाई करेंगे। कांग्रेस सरकार ऐसे फर्जी ऋण घोटाले के जिम्मेदार दोषी अफसरो को कतई नहीं छोड़ेगी। यह बात जिले के प्रभारी मंत्री हनी बघेल ने रविवार को स्थानीय मां मेरेज गार्डन में जिला कांग्रेस कमेटी की और से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।

प्रभारी मंत्री बघेल ने कहा कि प्रभारी मंत्री के रूप में जो जिम्मेदारी मुझे मिली है उस पर में पुरी तरह से खरा उतरूंगा। उन्होंने भाजपा व प्रशासन की और इशारा करते हुए कहा की हमारे कार्यकर्ताओ को किसी ने भी परेशान किया, उनके जायज काम के लिए यदि उन्हें चक्कर लगवाए या फिर परेशान किया तो इसकी जानकारी तुरंत मुझे बताए मे कुक्षी से आधे घंटे में आलीराजपुर पहुंच जाउंगा, आप लोग परेशान नहीं होंगे इसकी जिम्मेदारी में भी प्रभारी मंत्री होने के नाते लेता हूं। प्रभारी मंत्री बघेल ने कहा कि मेरी जिम्मेदारी बनती है की आप जो भी काम लेकर जाए, जो भी आपके मामले है उन पर यदि क्रियान्वयन नहीं होता है तो ऐसे अफसरो व कर्मचारियों के खिलाफ मुझे अवगत करवाए, तुरंत कार्रवाई होगी।


झुठे प्रकरण वापस लेंगे
प्रभारी मंत्री हनी बघेल ने सम्मेलन में घोषणा की की भाजपा शासन के दौरान जिन भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतीक द्ववेष के चलते झुठे प्रकरण दर्ज किए गए है उन सभी प्रकरणों की जांच करवाकर वापस लेने की कार्रवाई करेंगे। प्रभारी मंत्री ने 15 साल तक प्रदेश मे राज करने वाली भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पंचायतो के जो अधिकार छिन लिए थे कांग्रेस सरकार पंचायती राज वापस लाकर आपको यह अधिकार देगी। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए कांग्रेस को वोट दिलवाकर जितवाने का हाथ उपर करवाकर संकल्प दिलवाया।

भाजपा नेताओं व बैंक कर्मचारियों ने मिलकर लूटा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद कांतिलाल भूरिया ने कहा कि झाबुआ व आलीराजपुर जिले में भाजपा नेताओं व बैंक कर्मचारियों ने मिलकर किसानों को लूटा है उनके नाम से फर्जी लोन लेकर लाखो करोड़ो रूपए के घोटाले किए है। सांसद भूरिया ने प्रभारी मंत्री बघेल को अवगत करवाते हुए कहा कि सबसे ज्यादा घोटाले इन्हीं दोनो जिलो में हुए है आप इस मामले में जांच करवाकर दोषियों को सजा दिलवाए। सांसद भूरिया ने कहा कि उनके प्रयासो से छोटा उदयपुर-धार और दाहोद-इंदौर रेल लाइन के लिए 100 करोड़ रूपए मिले है। भूरिया ने आरोप लगाया की भाजपा के शासन में जिले में विकास कार्य के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया गया है साथ ही सड़को की हालत भी खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वह करती है कांग्रेस गरीबो की पार्टी है। आगामी लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस को विजय बनाने का संकल्प भी दिलवाया।

दोनो विधायक संगठन से मिलकर काम करे
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि पिछले 15 साल में भाजपा के शासन काल में आमजन एवं कार्यकर्ता बहुत परेशान रहे है, कांग्रेस संगठन को मजबुत करने के लिए कार्यकर्ता सम्मेलन लोकसभा चुनाव को देखते हुए रखा गया है, भाजपा के शासनकाल में किसानों को बहुत परेशानी झेलना पड़ी, भाजपा शासन में किसानो के नाम पर फर्जी लोन की जांच कराने की मांग पटेल ने जोर शोर से उठाई। पटेल ने आरोप लगाया की जिले में करोड़ो का फर्जी लोन घोटाला हुआ है, घोटाला करने वालो के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपने उदबोधन में दोनो विधायक संगठन के साथ मिलकर काम करे और भाजपा से जुडे हुए दलालो और ठेकेदारो से सावधान रहे यदि ये मुझे विधायको के पास दिखे तो ऐसे दलालो को सबक खिखाउंगा। इस दौरान पटेल के भाषण पर जमकर तालिया बजी। पटेल द्वारा सख्त रूख को देखने के बाद मंच से आलीराजपुर और जोबट विधायक मुकेश पटेल व कलावती भूरिया ने अपने अपने भाषण में भाजपा वालो को दूर रखने के बात कह दी।
जनता की भलाई के लिए काम करूंगा

आलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल ने अपने संक्षिप्त उदबोधन में कहा कि कांग्रेसक  का 15 साल का वनवास खत्म हुआ है आप लोगों ने सरकार बनाई है उसमे सभी का काम होगा जिस जोश के साथ विधानसभा फतेह की है उसी अनुसार लोकसभा सीट भी फतेह करना पड़ेगी। यह बड़ी लडाई है जिसे हम सब मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मुकेश पटेल विधायक नहीं बल्कि आप सभी कार्यकर्ता है। आप सभी का सम्मान होगा, भाजपा के दलाल और सप्लयरो को कभी पास नहीं आने दूंगा सिर्फ जनता की भलाई का काम करेगा।
भ्रष्टाचारियों का करूंगी पर्दाफाश

इस अवसर पर जोबट विधायक कलावती भूरिया ने कहा कि 15 साल भाजपा शासन में माल पानी खाने वाले अब कांग्रेस में घुसने के लिए तैयार बैठे है हम ऐसे लोगों को नहीं आने देंगे वहीं भीतरघातियों को नहीं लेंगे। विधायक भूरिया ने प्रभारी मंत्री को इशारो मे कहा कि जोबट विधानसभा में अफसरो व भाजपा नेताओं ने दबाकर भ्रष्टाचार किया है मंत्री जी आप भी सुनेंगे तो बेहोश हो जाएंगे। शोचालय, हेडपंप, पीएम आवास, गणवेश, सायकल सहित सभी योजनाओं में भाजपा नेताओं व विधायक सप्लाई करने में घुसे हुए थे अब सबका पर्दाफाश मे करूंगी।
इन्होंने भी किया संबोधित

सम्मेलन को आलीराजपुर नपा अध्यक्ष सेना पटेल, रतलाम लोकसभा सीट के प्रभारी व पूर्व विधायक हमीद काजी, युवक कांग्रेस झाबुआ के विधानसभा अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, ब्लॉक कांग्रेस कटठीवाड़ा के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, आजादनगर ब्लॉक अध्यक्ष मदन भाई डावर, जोबट ब्लॉक अध्यक्ष भूरू भाई अजनार व अन्य ने भी संबोधित किया। 

स्वागत भाषण राधेश्याम माहेश्वरी ने दिया। संचालन जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ओमसेठ राठौर ने किया। आभार सानी मकरानी ने माना। इसके पूर्व सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला व साफा पहनाकर किया गया। कार्यक्रम में दोनो विधायको व प्रभारी मंत्री का स्वागत सांसद भूरिया ने विशेष तोर पर किया। सम्मेलन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाशचंद्र जैन, यतिन्द्र भाटी, जवाहर कोठारी, रमेश मेहता, अनिल थेपडिय़ा, उरसान भाई, शंकर बामनिया, हरदास भाई सोंडवा, नारायण अडवाड़ा, सुरेश सारड़ा, अनारबाई चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।






Share on WhatsApp