26 मीटर लंबा स्टील गर्डर रेलवे अंडर ब्रिज पर आज हुआ फीट


आलीराजपुर रेलवे स्टेशन तक रेलवे ट्रेक निर्माण  की एक बड़ी बाधा हुई दूर,
अप्रेल माह में आलीराजपुर में रेल चलने की संभावना 
आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो चीफ
पश्चिमी मप्र के आदिवासी बहुल आलीराजपुर धार जिले की तकदीर तस्वीर बदलने वाली छोटा उदयपुर धार रेलवे लाईन में रेलवे ने आलीराजपुर रेलवे स्टेशन तक के निर्माणाधाीन रेलवे ट्रेक की एक बड़ी बाधा को रविवार 10 फरवरी के दिन दूर करने में कड़ी मशक्कत के बाद सफलता प्राप्त कर ली। मामला यह है कि रेलवे लाईन अंतरप्रांतीय खंडवा बड़ौदा मार्ग को ग्राम हरसवाट में क्रास कर रही है। यहां पर रेलवे द्वारा अंडर ब्रिज बनाया जा रहा है। जिसके पील्लर छह माह से बन कर तैयार हो चुके थे। किंतु पील्लर पर रेलवे ट्रेक बनाने के लिए विशाल लंबे स्टील गर्डर डाले जाने थे। इस अंडर ब्रिज के एक हिस्से पर 26.05 मीटर और करीब 45 टन वजनी स्टील गर्डर रविवार को दो बड़ी क्रेनों से फीट कर दिए गए।


अलीराजपुर न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार इस काम को अंजाम देने में पूरे 5 दिन लगे। पांच दिन पूर्व रेलवे ने विशेष तौर पर आर्डर देकर अलग अलग हिस्सों में आए छह स्टील के गर्डर को ब्रिज के नीचे ही रखकर जोड़ने का काम शुरु किया था। रविवार को काम पूरा होने के  बाद उन्हें ब्रिज पर रखवाना याने की फीट करवाना एक बड़ी चुनौती थी। इस काम को पश्चिम रेलवे बडोदरा के कार्यपालन यंत्री एमके पटेल और विशेष अधिकारी सत्येंद्रसिंह के निर्देशन में रेलवे के कुशल इंजीनियरों ठेकेदार के कर्मचारियों ने रविवार देर रात तक अंजाम दे दिया। इस अंडर ब्रिज के दूसरे महत्वपूर्ण भाग पर स्टील गर्डर डालने का काम भी इसी सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। 

एक सप्ताह में स्टील गर्डर लगाने का काम होगा पूरा
इस प्रतिनिधि ने मौके पर पहंुचकर स्टील गर्डर लगाने के काम को देखा। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो चुकी थी। 45 टल वजनी स्टील गर्डर के कुल छह हिस्सों को जोड़कर एक 26 मीटर याने करीब 85 फीट लंबे स्टील गर्डर का आकार दिया गया। इसके बाद दो विशालकाय क्रेनों को विशेष तौर पर गुजरात से बुलवाया गया। दो क्रेनों की मदद से 3 घंटे में इतने विशालकाय गर्डर को अंडर ब्रिज पर आखिरकार लगा दिया गया। इस दौरान ब्रिज के एक भाग से वाहनों की आवाजाही निरंतर बनी रही। इस ब्रिज के दूसरे भाग पर भी गर्डर लगाने की कार्रवाई सोमवार से आरंभ हो जाएगी। हालांंिक अभी गर्डर के तीन अन्य हिस्सें गुजरात से बनकर यहां पर नहीं पहंुचे है। तीन हिस्से चुके है। जिन्हें आपस में जोड़ने का काम आरंभ कर दिया गया है। 

अप्रेल माह में होगी रेल आरंभ
मौके पर रेलवे के कार्यपालन यंत्री एमके पटेल ने इस प्रतिनिधि को जानकारी दी कि अंडर ब्रिज पर स्टील गर्डर लगा दिए जाने के बाद रेलवे ट्रेक का काम आरंभ हो जाएगा। अभी लखनकोट तक रेलवे ट्रेक बन चुका है। ब्रिज के समीप से रेलवे स्टेशन तक भी रेलवे ट्रेक बिछा गया है। प्लेट फार्म और रेलवे स्टेशन बनने का काम अंतिम चरण में है। रेलवे सेफ्टी चीफ के निरीक्षण के बाद ट्रेन की ट्रायल होगी। इसके बाद यहां पर रेल चलाने की कार्रवाई पूरी होगी। अप्रेल माह तक रेल आरंभ होने की पूरी संभावना है। फिलहाल में छोटाउदयपुर से बड़ोदरा के बीच चल रही रेल को ही आरंभिक तौर पर आलीराजपुर तक बढ़ाया जाएगा। आलीराजपुर रेलवे स्टेशन के आगे से जोबट तक के भाग पर रेलवे ट्रेक का निर्माण कार्य धीमी गति से जारी है। जोबट तहसील में रेलवे ट्रेक के लिए जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई भी जारी है। 


Share on WhatsApp