आशुतोष पंचोली
आलीराजपुर। ब्यूरो चीफ
संयुक्त कलेक्टर एवं तहसीलदार ने जिला चिकित्सालय में रसोई वितरण स्थिति का शुक्रवार जायजा लिया।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री शमीम उद्दीन के दिशा निर्देशानुसार संयुक्त कलेक्टर श्री शैलेन्द्रसिंह सोलंकी एवं तहसीलदार अलीराजपुर श्री तिलवारे ने जिला चिकित्सालय में मरीजों और उनके अटेंडर हेतु प्रदाय किये जाने वाले भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजन निर्माण कक्ष की सफाई व्यवस्था, पेयजल, भोजन निर्माण सामग्री, कीचन की सफाई व्यवस्था सहित मरीजों की डाइट अनुसार भोजन, चाय नाश्ता आदि के बनाने की व्यवस्था का अवलोकन करते हुए मरीजों को प्रदाय की जाने वाले भोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कीचन कक्ष की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। प्रसूता महिलाओं को मिलने वाले लड्डू के वितरण की स्थिति का भी निरीक्षण किया। वार्ड वार वितरण होने वाले भोजन के रिकार्ड की भी जांच की गई। निर्धारित मीनू अनुसार भोजन बनाने एवं वितरण की स्थिति का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.सी. गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. आर मंडल सहित अन्य चिकित्सकगण एवं स्टीवर्ड सहित अन्य अस्पताल स्टॉफ उपस्थित था।
टी.एल. बैठक प्रति सोमवार को सुबह 10.30 बजे होगी
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री शमीम उद्दीन के निर्देशानुसार समय सीमा बैठक प्रति सप्ताह सोमवार को सुबह 10.30 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष अलीराजपुर में आयोजित होगी। उक्त बैठक में समस्त विभाग प्रमुखों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।
कलेक्टर श्री शमीम उद्दीन ने दिये सर्दी और ठंड के मद्देनजर फसलों की स्थिति का अवलोकन करने के निर्देश कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया मैदानी स्तर का जायजा
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री शमीम उद्दीन ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के समस्त अमले को जिले में शीतलहर ठंड के मद्देनजर फसलों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए थे। उक्त निर्देशों के परिपालन में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के डीडीए सहित मैदानी स्तर के अधिकारी - कर्मचारियों ने जिले में विभिन्न विकासखंडों के ग्रामों में पहुंचकर रबी सीजन में लगाई जाने वाली खडी फसलों का जायजा लिया। उक्त जायजे के तहत शीत लहर और कडाके की ठंड से फसलों को कोई नुकसान तो नहीं पहुंच रहा है। उक्त संबंध में कृषि विभाग के उप संचालक कृषि श्री केसी वास्कले ने बताया कृषि विभाग के अमले द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर फील्ड निरीक्षण किया, जिसमें निरीक्षण के दौरान कही भी रबी सीजन की गेहूं,, चना तथा मक्का की फसलों पर सर्दी और कडाके की ठंड तथा शीतलहर का असर नजर नहीं आया। इस अवसर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के मैदानी अमले ने किसानों को पाला और सर्दी से निपटने के वैज्ञानिक तरीकों के बारे में जानकारी भी दी। सहायक संचालक उद्यानिकी श्री बी.एस. चौहान ने बताया की विभाग के मैदानी अमले द्वारा जिले मे विभिन्न स्थानों पर उद्यानिकी फसलों से जुडे बगीचे, सब्जी की फसलों का निरीक्षण किया गया। जिसमें कही भी कडाके की ठंड से फसलों पर कही कोई असर नजर नहीं आया है। उन्होंने बताया हम लगातार कृषक भाइयों को पाले, ओर कडाके की ठंड से फसलों को बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों और उपायों के बारे में जानकारी दे रहे है।
नवीन मतदाताओं के मतदाता सूची में नाम जोडने की प्रक्रिया प्रारंभ
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शमीम उद्दीन के दिशा निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं स्वीप कार्यक्रम नोडल अधिकारी श्री एमएल त्यागी ने समस्त जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए है कि लोक सभा आम निर्वाचन 2019 के अंतर्गत नवीन मतदाताओं के नाम जोडने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। उक्त प्रक्रिया के तहत 1 जनवरी 2019 की स्थिति में 18 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के नाम 25 जनवरी 2019 तक मतदाता सूची में जोडने की प्रक्रिया की जाना है। उक्त निर्देश के तहत समस्त ग्राम पंचायतों के सचिव और रोजगार सहायक को 1 जनवरी 2019 की स्थिति में 18 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे मतदाता जिनका मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है के नाम मतदाता सूची में जोडने हेतु उन्हें प्रेरित किये जाने के निर्देश दिए है।