औपचारिक रहा प्रभारी मंत्री दत्तीगांव का पहला दौरा

क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में नहीं हुई कोई ठोस चर्चा,

लॉकडाउन लगाने के प्रस्ताव पर निर्णय रखा पेंडिंग

आशुतोष पंचोली

अलीराजपुर न्यूज़।ब्यूरो चीफ

वर्तमान समय में चल रहे कोरोनावायरस संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्त किए गए प्रभारी मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव अपनी नियुक्ति के 8 घंटे के भीतर ही सोमवार शाम को जिला मुख्यालय पर पहुंचे। प्रभारी मंत्री दत्तीगांव ने कलेक्ट्रेट में जिला क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में भाग लिया व इसके पश्चात वन विभाग के डाक बंगले पर भी भाजपा नेता व प्रशासनिक अफसरों से चर्चा की। पश्चात वापस अपने गृह जिले की ओर रवाना हो गए। बैठक में प्रभारी मंत्री ने कोरोना बीमारी की समीक्षा की लॉकडाउन लगाने के प्रस्ताव पर विचार विमर्श किया किंतु वे लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं दिखे साथ ही  कोरोना से संबंधित मुद्दों पर भी रूटीन चर्चा की। बैठक में निर्णय जरूर हुआ कि जिले में मंगलवार बुधवार को कोरोना बीमारी की समीक्षा के बाद कितने मरीज और नए आते हैं इसके बाद लॉकडाउन लगाने पर निर्णय लिया जाएगा।।


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक औपचारिक ही रही। जिसमें प्रभारी मंत्री ने आपदा प्रबंधन की बैठक के जिम्मेदार सदस्यों व भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों के सामने जिले में कोरोना की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में पूर्व विधायक नागर सिंह चौहान ने जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या पर चिंता जाहिर करते हुए लॉकडाउन लगाने  का सुझाव दिया। साथ ही बैठक में अलीराजपुर जिले के आसपास के गुजरात के दाहोद व पड़ोसी धार झाबुआ, बड़वानी जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या का असर अलीराजपुर जिले में संक्रमण बढ़ने पर भी चिंता जाहिर की गई एवं इसकी रोकथाम पर भी चर्चा की गई। बैठक में विधायक प्रतिनिधि खुर्शीद दीवान ने कहा की सरकार ने पहले ही 2 दिन का लॉकडाउन शनिवार रविवार का घोषित किया हुआ है उसी पर प्रशासन को फोकस करते हुए उसका पालन सही ढंग से करवाना चाहिए जिससे गरीब व अन्य छोटे दुकानदारों को लॉक डाउन की मार नहीं सहना पड़ेगी। दीवान ने कहा कि जिले में जो मजदूर आ रहे हैं उनके परीक्षण पर भी प्रशासन को फोकस करना चाहिए इस पर प्रभारी मंत्री दत्तीगांव ने कलेक्टर व सीएमएचओ को निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने जिले में टीकाकरण उत्सव पर भी जोर दिया जिसमें भाजपा के मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को नगर के समाजसेवी व सामाजिक संस्थाओं को भी इस अभियान में जोड़ने का आह्वान किया। बैठक के आरंभ में प्रभारी मंत्री दत्ती गांव का पहली बार आगमन पर स्वागत सम्मान की औपचारिकता भी निभाई गई।


जिले में एमडी डॉक्टर की नियुक्ति पर भी बोले प्रभारी मंत्री किंतु सामने बैठे एमडी डॉक्टर ने नहीं कहा कि मैं एमडी डॉक्टर हूं

बैठक में एक दिलचस्प वाकया भी हुआ प्रभारी मंत्री दत्तीगांव ने गंभीरता से जिले में एमडी डॉक्टर होने की बात कही और उन्होंने यह भी कहा कि एमडी डॉक्टर होने से कोरोनावायरस के मरीजों के सीटी स्कैन व फेफड़ों के संक्रमण आदि की जांच एमडी डॉक्टर व्यवस्थित ढंग से कर मरीजों को रोग उपचार निदान अच्छे से कर सकता है। इसलिए जिले में एमडी डॉक्टर भी होना चाहिए। जबकि यह सर्वविदित है कि जिले में पिछले 25 सालों से एमडी डॉक्टर के पद पर डॉ प्रकाश ढोके है किंतु उनके पास सीएमएचओ का प्रभार होने से वह अपने मूल पद पर सीएमएचओ कार्य का अत्यधिक दबाव होने से उसका निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। बैठक में सीटी स्कैन मशीन लाने पर भी चर्चा की गई किंतु यह कैसे आएगी इसका कोई जिक्र किसी ने नहीं किया। प्रभारी मंत्री दत्ती गांव वैसे लॉकडाउन लगाने के पक्ष में कम ही नजर आए यह बात उन की चर्चाओं उनके द्वारा किए गए सवाल जवाब से सामने दिखी। 


ये थे उपस्थित

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष वकील सिंह ठकराला, पूर्व जिला अध्यक्ष किशोर शाह, भाजपा जिला महामंत्री संतोष पोरवाल मकू नपा अध्यक्ष रितेश डावर, भाजपा नेता भदु भाई पचाया, रिंकेश तंवर, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक दीक्षित,कलेक्टर सुरभि गुप्ता, एसपी विजय भागवानी, जिले के सभी एसडीएम सहित अन्य कई विभागों के अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

Share on WhatsApp